Home Delhi NCR विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं युवा : पुष्कर सिंह...

विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं युवा : पुष्कर सिंह धामी

0
1

नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने शनिवार को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में माई होम इंडिया द्वारा आयोजित ‘नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स फेस्टिवल’ में यह बात कही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं का देवभूमि उत्तराखंड की ओर से स्वागत किया।

शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री धामी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर देशभर के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महान शिक्षाविद् और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मौजूद युवा ऊर्जा के बीच उन्हें भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई दे रहा है। युवा केवल विद्यार्थी नहीं हैं, बल्कि देश की उस युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसमें बड़े से बड़े सपनों को पूरा करने का साहस और सामर्थ्य है।

नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स फेस्टिवल को बताया एकता का प्रतीक

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स फेस्टिवल’ केवल एक सामान्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर और उत्तराखंड के रहन-सहन, पहाड़ी परिवेश तथा भौगोलिक परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे आयोजनों से दोनों क्षेत्रों के बीच आत्मीयता और मजबूत होती है।

पूर्वोत्तर को बताया भारत की विविधता का चमकता मुकुट

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत देश के अन्य हिस्सों के बीच भावनात्मक एकता का सेतु बन गया है। माई होम इंडिया द्वारा पूर्वोत्तर के युवाओं को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने का प्रयास राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यही भावना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है।

धामी ने पूर्वोत्तर को भारतीय संस्कृति के चमकते हुए मुकुट के समान बताते हुए कहा कि इसके बिना भारत की विविधता और सुंदरता अधूरी है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है और देश की सुरक्षा में सशक्त प्रहरी की भूमिका निभाता है।

उन्होंने मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बाइचुंग भूटिया और भारत रत्न स्व. भूपेन हजारिका जैसी पूर्वोत्तर की महान प्रतिभाओं का भी उल्लेख किया, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश का नाम रोशन किया।

‘एक्ट ईस्ट’ और ‘फास्ट ईस्ट’ की दिशा में बढ़ा पूर्वोत्तर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वोत्तर को कभी देश से दूर नहीं माना, बल्कि उसे दिल के करीब रखा और देश के विकास का महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन माना।

उन्होंने कहा कि दशकों पुरानी ‘लुक ईस्ट’ नीति को आगे बढ़ाते हुए ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘फास्ट ईस्ट’ की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

वर्ष 2014 के बाद पूर्वोत्तर में सड़क, पुल, सुरंग, जलमार्ग, गैस ग्रिड, मोबाइल कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर सहित कई क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर खुले हैं।

युवाओं के लिए डिजिटल इंडिया और स्किल इंडिया जैसी पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर में विकास प्रयासों के केंद्र में युवा हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति माना है।

इसी सोच के साथ डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

पूर्वोत्तर के युवाओं को उत्तराखंड में बताया अपना घर

मुख्यमंत्री धामी ने पूर्वोत्तर से उत्तराखंड में शिक्षा प्राप्त करने आए छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि “देवभूमि उत्तराखंड आपका अपना घर है।”

उन्होंने कहा कि प्रदेश में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे खूब पढ़ें, खूब खेलें, बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत से आगे बढ़ें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here