नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक कर उन्हें संसदीय कार्यों, सार्वजनिक जीवन और जनसंपर्क को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। बैठक में हाल ही में अन्य दलों से एनडीए और भाजपा में शामिल हुए कई सांसद भी उपस्थित रहे।
बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वाति मालिवाल, विनोद तावड़े, सुजीत कुमार, अलका गर्जुर, अशोक मित्तल, तरुण चुग सहित कई सांसद शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने सांसदों से संसद की कार्यवाही में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने और चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक जीवन में संयम, शिष्टाचार और गरिमापूर्ण आचरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया और तकनीक का जिम्मेदारी तथा सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह देते हुए सांसदों को जनता के बीच सक्रिय रहने और उनके मुद्दों से लगातार जुड़े रहने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने “लुटियंस दिल्ली” के प्रभाव से बचने की भी सीख दी।
बैठक के बाद कई सांसदों ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री से मुलाकात के अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन, सादगी और प्रेरणादायी नेतृत्व की सराहना करते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य नितिन नवीन ने भी अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को नई गति देने और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने के लिए सभी सांसद पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
