प्रधानमंत्री मोदी ने 7.8% GDP वृद्धि पर जताई खुशी, विदेशी यात्रा, विदेश में शादी और गैर-जरूरी सोना खरीद से बचने की अपील

नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था की 7.8 प्रतिशत GDP वृद्धि पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने विकास की गति बनाए रखने के लिए आत्मनिर्भरता और स्वदेशी पर जोर देते हुए लोगों से गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं, विदेश में शादियों और आवश्यकता नहीं होने पर सोना खरीदने से बचने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि दुनिया युद्ध और विभिन्न संकटों से घिरी हुई है तथा सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई हैं। इसके बावजूद भारत ने अच्छी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से वैश्विक स्तर पर स्थिरता नहीं रही, लेकिन भारत ने अपनी नीतियों, इरादों और देशवासियों की ताकत के बल पर बेहतर प्रदर्शन किया है।

मोदी ने भारत की आर्थिक प्रगति को लेकर निराशा फैलाने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है और देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास की गति को बनाए रखने के लिए भारत को आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने और स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यदि विदेश यात्रा केवल घूमने-फिरने के लिए की जा रही है तो उससे बचना चाहिए। इसी तरह विदेश में शादी करने से भी बचने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तक आवश्यकता न हो, तब तक सोना भी नहीं खरीदना चाहिए

मोदी ने कहा कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर अधिक जोर देने से भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक देश की युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंपने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से भारत की आर्थिक तरक्की में योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि देश की मेहनत और सामूहिक प्रयास युवाओं के सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां और इरादे सही दिशा में हैं तथा देशवासियों की एकजुट ताकत भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles