आईओसीएल के महाप्रबंधक एस. श्रीनिवास की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी और तकनीकी सिस्टम में अनधिकृत हस्तक्षेप सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रबंधन के अनुसार, टैंक लॉरी फिलिंग एरिया में जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने आईओसीएल के ऑटोमेशन सिस्टम के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ की, ताकि तय मात्रा से अधिक डीजल भरने की प्रक्रिया सिस्टम में दर्ज न हो और चोरी का पता न चल सके।
एफआईआर में नामजद आरोपियों में जय कुमार, जसपाल सिंह, पंकज, प्रकाश और विक्रम शामिल हैं। इनमें तीन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी, एक टैंक ट्रक चालक और एक हेल्पर शामिल हैं।
थाना सदर प्रभारी गुलशन कुमार ने बताया कि आईओसीएल अधिकारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस डीजल चोरी में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
