Home Haryana पलवल मर्चेंट नेवी ठगी: युवक से 6 लाख की ठगी, फर्जी ट्रेनिंग...

पलवल मर्चेंट नेवी ठगी: युवक से 6 लाख की ठगी, फर्जी ट्रेनिंग के बाद भेजा दुबई

0
पलवल मर्चेंट नेवी ठगी

पलवल, वायरल सच (ब्यूरो) : मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने का सपना दिखाकर ठगों ने पलवल के एक युवक से 6 लाख रुपए हड़प लिए। ठगों ने पहले युवक को फर्जी मरीन ट्रेनिंग सेंटर में रखा और फिर नौकरी दिलाने के नाम पर उसे दुबई भेज दिया, जहां न तो नौकरी मिली और न ही पैसे लौटाए गए। उल्टा विरोध करने पर धमकाकर भगा दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चांदहट थाना प्रभारी सुंदरपाल ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि डाढौता गांव निवासी शुभम की इंस्टाग्राम पर दोस्ती फरीदाबाद के शहाजीपुर निवासी बंटी नामक युवक से हुई थी। मई 2025 में बंटी ने खुद को बड़े संपर्कों वाला बताते हुए कहा कि उसके जीजा इंडियन नेवी में अधिकारी हैं और वह शुभम को मर्चेंट नेवी में नौकरी दिला सकता है। भरोसा जताते हुए शुभम से 1.50 लाख रुपये नकद और 4.50 लाख रुपये फोन-पे के जरिए ले लिए गए।

पैसों के बाद शुभम को नोएडा सेक्टर-15 स्थित एक कथित मरीन ट्रेनिंग सेंटर में करीब 15-16 दिन रखा गया। फिर 29 मई को मलेशिया भेजने की बात कहकर उसे दिल्ली से बेंगलुरु और वहां से मुंबई ले जाया गया, जहां पहले से ही कई युवक ठगी के शिकार होकर फंसे थे।

24 जून को सभी युवकों को टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेजा गया। वहां एक होटल में 20 दिन तक रखा गया, लेकिन नौकरी कहीं नहीं मिली। जब शुभम ने अपने पैसे वापस मांगने और भारत लौटने की बात कही तो आरोपियों ने थाईलैंड भेजने का झांसा दिया। इंकार करने पर उसे धमकाकर वहां से निकाल दिया गया। शुभम का मोबाइल भी बंद करा दिया गया। किसी तरह वह भारत लौट आया और अपने गांव पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। थाना प्रभारी के अनुसार, शुभम की शिकायत पर बंटी व अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस की टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version