Vinkmag ad

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सख्त हुए नितिन गडकरी, अवैध ढाबों और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश

Vinkmag ad

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सख्त हुए नितिन गडकरी, अधिकारियों को दिए कई अहम निर्देश

अलवर, वायरल सच (ब्यूरो): केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राजस्थान के अलवर जिले स्थित पिनान रेस्ट एरिया पहुंचकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता, सड़क सुरक्षा और हाल के सड़क हादसों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

राजस्थान में प्रवेश पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

करीब एक घंटे तक चली समीक्षा बैठक में गडकरी ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की जानकारी ली और अधिकारियों को एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को तकनीकी रूप से और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध ढाबों, अतिक्रमण, सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग और हाईवे पर खड़े ट्रकों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।

केंद्रीय मंत्री ने सड़क पर गड्ढों या क्षतिग्रस्त हिस्सों की तुरंत मरम्मत, नियमित मॉनिटरिंग और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग बढ़ाने, पुलिस गश्त नियमित रखने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान एक अत्याधुनिक रोड सेफ्टी एवं रेस्क्यू वाहन का भी लोकार्पण किया गया, जो एक्सप्रेसवे पर किसी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू करने और यातायात को सामान्य बनाने में मदद करेगा।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे राजस्थान के औद्योगिक और पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे पर एम्बुलेंस, सीसीटीवी कैमरे और स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम की व्यवस्था की गई है। साथ ही उन्होंने वाहन चालकों से सीट बेल्ट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और थकान की स्थिति में वाहन नहीं चलाने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाना है।

Read Previous

भाजपा का डिजिटल प्रशिक्षण अभियान 11 लाख पार, अब हर बूथ तक पहुंचेगा अभियान : तरुण चुग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular