सागर, वायरल सच (ब्यूरो): राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहेगा। सागर जिले में भी दो शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां विद्यार्थी, युवा और स्थानीय खेल प्रतिभाएं कार्यक्रम से जुड़ेंगी।
27 अगस्त से शुरू होंगी राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियां
राष्ट्रीय खेल दिवस हर वर्ष महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों की शुरुआत 27 अगस्त से की जा रही है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पिछले एक दशक में देश के खेल क्षेत्र में हुए विकास और बदलावों से परिचित कराना है। इसके साथ ही खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार और सुझाव भी लिए जाएंगे।
सागर के दो संस्थानों में होंगे कार्यक्रम
सागर जिले में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन इन्फिनिटी मैनेजमेंट कॉलेज, सागर और पीएम एक्सीलेंस कॉलेज, मकरोनिया में किया जाएगा।
इन्फिनिटी मैनेजमेंट कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सागर संसदीय क्षेत्र की सांसद डॉ. लता वानखेड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद दोनों केंद्रों पर स्थानीय खेल प्रतिभाओं और युवा प्रतिनिधियों के साथ विशेष संवाद होगा।
खेल सुविधाओं और आगामी प्रतियोगिताओं पर चर्चा
संवाद के दौरान पिछले दस वर्षों में देश और प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक खेल सुविधाओं, नई नीतियों तथा आगामी ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
इस दौरान युवा और खेल प्रतिभाएं खेल क्षेत्र में हुए बदलावों तथा भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार साझा करेंगी।
युवा संवाद में लिए जाएंगे सुझाव
कार्यक्रम के अगले चरण में युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी अपने विचार, अपेक्षाएं और सुझाव रखेंगे।
संवाद के दौरान युवाओं के नागरिक दायित्व, भविष्य के लिए आवश्यक कौशल, स्वयंसेवा और माय भारत मंच को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में माय भारत के स्वयंसेवक भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। युवाओं को मंच पर पंजीयन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि उनके विचार और सुझाव राष्ट्रीय स्तर पर नीति निर्माण की प्रक्रिया तक पहुंच सकें।

