कैथल, वायरल सच (ब्यूरो): कैथल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सक्रिय अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने एक ट्रक और उसे एस्कॉर्ट कर रही क्रेटा कार से 95 कट्टों में 1,928.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में पंजाब के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि एसडीयू प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई तरसेम सिंह की टीम गांव सिणद के पास दिल्ली-कटरा हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से एक सफेद क्रेटा कार और उसके पीछे एक ट्रक आ रहा है, जिनमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर पंजाब ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। क्रेटा चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन यातायात अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो सका। पुलिस ने दोनों वाहनों को घेरकर कब्जे में ले लिया।
डीएसपी रोहताश कुमार की मौजूदगी में तलाशी के दौरान क्रेटा कार की डिक्की से 5 कट्टों में 101 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ, जबकि ट्रक के केबिन के पीछे बनाए गए विशेष गुप्त हिस्से से 90 कट्टों में 1,827.100 किलोग्राम डोडा पोस्त मिला। कुल मिलाकर 95 कट्टों में 1,928.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार, करनैल सिंह, नरेश, सुखविंद्र सिंह, हरविंद्र सिंह और गुरजैंट के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप मध्यप्रदेश से लाई गई थी और इसे पंजाब में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कलायत में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।