अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय नजरबंद, विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना

अयोध्या, वायरल सच (ब्यूरो): उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को मंगलवार को अयोध्या दौरे के दौरान नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, कुमारगंज के गेस्ट हाउस में प्रशासन द्वारा नजरबंद कर दिया गया। प्रशासन ने यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की।

जानकारी के अनुसार, अजय राय अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अयोध्या पहुंचकर पहले रामलला के दर्शन करने और उसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का घेराव करने वाले थे। प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन उन्हें विश्वविद्यालय परिसर स्थित गेस्ट हाउस में नजरबंद कर दिया।

प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया और अजय राय को तत्काल रिहा करने की मांग की।

धरने के चलते विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, जबकि प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि अजय राय को जल्द रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles