गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा में साइबर फ्रॉड का खतरा लगातार बढ़ रहा है। वर्ष-2024 में राज्य ने डिजिटल धोखाधड़ी के कारण 850 करोड़ का नुकसान झेला है। इस नुकसान में अकेले गुरुग्राम ने कुल मामलों का 20 प्रतिशत नुकसान है। नॉक आउट डिजिटल फ्रॉड नामक राष्ट्रव्यापी जागरुकता कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी सांझा की गई।
हरियाणा पुलिस और बजाज फाइनेंस लिमिटेड (बीएफएल) द्वारा संयुक्त रूप से राजकीय महाविद्यालय सिधरावली में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के लगभग 250 छात्र और फैकल्टी सदस्य शामिल हुए। पीएस साइबर मानेसर के सब-इंस्पेक्टर विकास बेनीवाल ने नॉक आउट डिजिटल फ्रॉड नामक राष्ट्रव्यापी जागरुकता कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की धोखाधड़ी पर विस्तार से बताते हुए कहा कि लोगों के शिकार होने की सबसे बड़ी वजह है अज्ञानता, लालच और भय। फ्रॉडस्टर डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट स्कैम और टास्क-बेस्ड फ्रॉड जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करके पीडि़तों को अलग-थलग कर देते हैं।
उनकी मनोविज्ञान का फायदा उठाते हैं और उनकी जीवन भर की कमाई साफ कर देते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति आपसे पैसे या बैंक डिटेल मांगता है तो बिना किसी संदेह के समझ लें कि वह फ्रॉडस्टर है। जागरुकता ही असली सुरक्षा है।उन्होंने आगे कहा गुरुग्राम में ही 2024 में 25,000 से अधिक साइबर क्राइम मामले दर्ज हुए हैं। साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में पीडि़त को तुरंत साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इससे खोए हुए पैसे की रिकवरी की संभावना काफी बढ़ जाती है। पहले तीन घंटे इस तरह के मामलों में गोल्डन पीरियड माने जाते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक रिपोर्ट हुए मामलों में 5,000 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।
2024-25 में हरियाणा पुलिस ने साइबर फ्रॉड मामलों से 100 करोड़ की रिकवरी की है। पूरे भारत में इसी अवधि में साइबर धोखाधड़ी के कारण नुकसान 22,800 करोड़ से अधिक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 40 प्रतिशत अधिक है।पीएस साइबर मानेसर हरियाणा के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर राजेशपाल ने कहा कि हमारा देश तरक्की कर रहा है। जैसे-जैसे हम मजबूत बन रहे हैं, साइबर फ्रॉड हमारे खिलाफ एक आर्थिक युद्ध का रूप ले चुका है। इसलिए राष्ट्रव्यापी धोखाधड़ी जागरुकता बेहद जरूरी है। आपको सतर्क रहना चाहिए और आकर्षक ऑफर्स, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के जाल से खुद को बचाना चाहिए।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
