गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शनिवार सुबह जारी भारी बारिश के अलर्ट के बाद गुरुग्राम में जमकर बारिश हुई। तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती निर्देश जारी किए हैं।
आईएमडी ने अगले 2-3 घंटों में 15 एमएम प्रति घंटे से अधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है।
गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए गैर-जरूरी यात्रा से बचें और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
खास तौर पर जलभराव वाली सड़कों, अंडरपास और निचले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से पानी से भरे रास्तों या जलभराव वाले हिस्सों को पैदल अथवा वाहन से पार नहीं करने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार पानी की गहराई और सड़क की वास्तविक स्थिति का सही अनुमान लगाना मुश्किल हो सकता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।
पेड़ों और बिजली के खंभों से रहें दूर
उपायुक्त ने नागरिकों से पेड़ों, बिजली के खंभों और ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। तेज हवाओं और बारिश के दौरान इनके आसपास खड़े रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
विभागों और आपातकालीन एजेंसियों को अलर्ट
उपायुक्त ने नागरिकों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन के आगामी अलर्ट एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
साथ ही सभी संबंधित विभागों और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती और बचाव संबंधी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

