गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव के बीच गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए ड्रोन निगरानी का सहारा लिया। पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और जलभराव वाले इलाकों का हवाई निरीक्षण कर संवेदनशील स्थानों की पहचान की और जाम की स्थिति बनने से पहले ही ट्रैफिक को नियंत्रित किया।
ड्रोन बना पुलिस की ‘तीसरी आंख’
पुलिस के अनुसार, ड्रोन के जरिए जलभराव और यातायात की स्थिति की लाइव निगरानी की गई। इससे उन स्थानों की तुरंत पहचान हो सकी, जहां पानी जमा होने के कारण ट्रैफिक जाम की आशंका थी।
ड्रोन से प्राप्त लाइव जानकारी के आधार पर कंट्रोल रूम से फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को तत्काल दिशा-निर्देश दिए गए। इससे संवेदनशील स्थानों पर समय रहते ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में मदद मिली।
जलभराव वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्ट
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखी। जहां पानी अधिक जमा था, वहां तत्काल बैरिकेडिंग कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया।
पुलिस के मुताबिक, बारिश के दौरान शहर में जलभराव और यातायात की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जाम लगने से पहले एक्शन
ड्रोन निगरानी का सबसे बड़ा फायदा यह रहा कि पुलिस को जाम बनने से पहले ही संवेदनशील स्थानों की जानकारी मिल गई। लाइव इनपुट के आधार पर समय रहते ट्रैफिक को मैनेज किया गया, जिससे कई संभावित जाम वाले स्थानों पर स्थिति बिगड़ने से पहले ही नियंत्रण किया जा सका।

