गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : उद्योग जगत को समय रहते सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य की अनुपालन आवश्यकताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड ऐंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) द्वारा क्लब कैप्रि सेंट्रल पार्क रिजॉर्ट में टीडीएस कॉन्क्लेव आयोजित किया गया। इसमें गुरुग्राम और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से आए 80 से अधिक उद्योगपतियों, व्यापारियों और कर एवं वित्त क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों ने भाग लिया।
कॉन्क्लेव में आयकर (टीडीएस) की उप-आयुक्त सीमा चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएफटीआई वित्त एवं कर अनुपालन समिति के चेयरमैन चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक छाबड़ा ने की। दोनों अधिकारियों ने उद्योग जगत में टीडीएस अनुपालन को प्रभावित करने वाले नए संशोधनों, विभागीय अपेक्षाओं और डिजिटलीकरण से जुड़े बदलते स्वरूप पर गहन जानकारी दी। उप-आयुक्त सीमा चौधरी ने टीडीएस के नवीनतम संशोधनों, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, फॉर्म-आधारित डेटा सबमिशन, पेनल्टी संरचना, नोटिस प्रक्रिया एवं विभागीय समन्वय की विस्तृत व्याख्या की।
उन्होंने कहा कि अब कर विभाग की निगरानी प्रणाली पूरी तरह डेटा-संचालित है, जिससे त्रुटियों का पता पहले की तुलना में कहीं तेजी से लगता है। पीएफटीआई के निदेशक डॉ. अंशुल धिंगरा ने कॉन्क्लेव की पृष्ठभूमि प्रस्तुत करते हुए कहा कि टीडीएस भारत की कर प्रणाली का ऐसा स्तंभ है, जिसकी समयबद्ध समझ और सटीक अनुपालन उद्योगों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्रक्रियाओं, डेटा-आधारित जांच प्रणाली और त्वरित विभागीय मिलान के इस दौर में उद्योग जगत को अद्यतन रहना अनिवार्य हो गया है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक छाबड़ा चेयरमैन पीएफटीआई वित्त एवं कर अनुपालन समिति ने उद्योगों द्वारा प्रचलित सामान्य प्रक्रियागत कमियों, टीडीएस कटौती की सही विधि, दस्तावेजीकरण, ऑडिट अनुपालन और नोटिस से बचाव के उपायों पर विस्तार से समझाया। इस अवसर पर आयकर अधिकारी राकेश मीणा, आयकर विभाग के इंस्पेक्टर गगन मलिक, पीएफटीआई के उपाध्यक्ष डॉ. एस.पी. अग्रवाल, निदेशक एडवोकेट आर. एल. शर्मा, निदेशक डॉ. अंशुल धिंगरा, गुरुग्राम अध्यक्ष पी.के. गुप्ता, कोर कमेटी सदस्य डी.पी. गौर, संजय जैन, संत राम शर्मा, जी.पी. गुप्ता, उदयवीर सिंह, एवीएसएम एल.एन. शर्मा, प्रदीप मोदी, विनोद अग्रवाल, डॉ. के.के. अग्रवाल, वीरेंद्र कुमार, एडवोकेट हरकेश शर्मा, चांद राम शर्मा, एडवोकेट पुलकित शर्मा, एडवोकेट आरती शर्मा, गगनदीप सिंह, ब्रिगेडियर एन.एन. माथुर और डक्ष फाउंडेशन से इंस्पेक्टर सुरेंद्र, रमीता जैन, अमित वर्मा, चिराग चोपड़ा तथा सतीश अग्रवाल मौजूद रहे।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
