Home Gurugram मेट्रो के विस्तार से गुरुग्राम के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, पांच...

मेट्रो के विस्तार से गुरुग्राम के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, पांच सितंबर को होगा भूमि पूजन

0
गुरुग्राम मेट्रो विस्तार भूमि पूजन

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : सेक्टर-44 में मेट्रो विस्तार परियोजना का पांच सितंबर शुक्रवार काे भूमि पूजन किया जाएगा।इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। यह जानकारी बुधवार को हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि यह मेट्रो केवल एक परिवहन प्रणाली नहीं होगी, बल्कि यह आने वाली पीढिय़ों के लिए आधुनिक और टिकाऊ शहरी ढांचे की मजबूत नींव साबित होगी।

इससे प्रतिदिन लाखों यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी, लोगों का समय बचेगा, ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और प्रदूषण में कमी आएगी। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम देश-विदेश की आईटी और औद्योगिक कंपनियों का गढ़ है। यहां प्रतिदिन लाखों लोग कामकाज के लिए आते-जाते हैं। मेट्रो विस्तार के बाद कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे व्यापार, निवेश और रोजगार की नई संभावनाएं खुलेंगी। गुरुग्राम के युवाओं और पेशेवरों के लिए यह सुविधा जीवन को सरल और अवसरों को व्यापक बनाने वाली है। यह शहर न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश की आर्थिक धुरी बनकर उभरेगा।

राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की दूरदृष्टि के कारण आज गुरुग्राम बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मेट्रो विस्तार के साथ-साथ सडक़ों के जीर्णोद्धार, यातायात प्रबंधन और शहरी सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास का लाभ केवल शहर ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों तक भी पहुंचे। राव नरबीर सिंह ने कहा कि यह मेट्रो परियोजना जनता की लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा का अंत है। यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि लोगों के विश्वास, सपनों और उम्मीदों का उत्तर है। हम सभी मिलकर इस सपने को साकार कर रहे हैं और विश्वास है कि आने वाले वर्षों में गुरुग्राम का नाम देश के सबसे आधुनिक शहरों की सूची में और भी अधिक चमकेगा।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version