Home Gurugram गुरुग्राम में LPG सिलिंडरों की कालाबाजारी का खुलासा: 104 भरे सिलिंडर बरामद

गुरुग्राम में LPG सिलिंडरों की कालाबाजारी का खुलासा: 104 भरे सिलिंडर बरामद

0
LPG

खेड़कीदौला के नवादा गांव में क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, इंडेन के 20 और भारत गैस के 84 सिलिंडर मिले

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम में घरेलू LPG सिलिंडरों की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के नवादा गांव में एक पिकअप से 104 भरे घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने पिकअप मालिक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया।

राजस्थान से लाकर गुरुग्राम में बेचने का आरोप

प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि घरेलू LPG गैस सिलिंडरों को राजस्थान के अलग-अलग स्थानों से लाकर गुरुग्राम के खेड़कीदौला क्षेत्र में कथित तौर पर ब्लैक में बेचा जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची क्राइम ब्रांच

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम नवादा गांव में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप में बड़ी संख्या में घरेलू LPG सिलिंडर लाए गए हैं और उन्हें कथित तौर पर कालाबाजारी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक पिकअप गाड़ी खड़ी मिली, जिसकी चाबी गाड़ी में ही लगी हुई थी। पुलिस को देखकर गाड़ी में मौजूद दोनों व्यक्ति मौके से भाग गए।

पिकअप से मिले 104 भरे सिलिंडर

पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 104 घरेलू LPG सिलिंडर मिले। इनमें इंडेन कंपनी के 20 और भारत गैस के 84 सिलिंडर शामिल थे। सभी सिलिंडर 14 किलोग्राम क्षमता वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिकअप मालिक जितेंद्र उर्फ कालू, निवासी नवादा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसका चालक हजारी लाल, जो राजस्थान का रहने वाला बताया गया है, अभी फरार है।

सिलिंडरों के कागजात और लाइसेंस नहीं मिले

पुलिस के अनुसार पूछताछ में जितेंद्र ने पिकअप और बरामद 104 सिलिंडरों को अपना बताया। उसने हजारी लाल को अपना चालक बताया। हालांकि, आरोपी सिलिंडरों से संबंधित कागजात, गैस कॉपी या लाइसेंस पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह राजस्थान के अलग-अलग स्थानों से सिलिंडर सस्ते दामों पर खरीदता था और उन्हें नवादा तथा आसपास के इलाकों में रहने वाले किरायेदारों को अधिक कीमत पर बेचता था।

ई-साक्ष्य एप पर बनाया वीडियो

पुलिस ने बरामदगी की कार्रवाई के दौरान ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद पिकअप गाड़ी और सभी सिलिंडरों को कब्जे में लिया गया। मामले में खेड़कीदौला थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अब फरार चालक हजारी लाल की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि सिलिंडरों की आपूर्ति कहां से हुई थी तथा इस कथित कालाबाजारी में और कौन लोग शामिल हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version