गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुग्राम प्रशासन ने सरकारी प्रतिष्ठानों में अप्रेंटिसशिप योजना को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सोनू भट्ट ने शुक्रवार को विकास सदन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला शिक्षुता एवं आत्मनिर्भर कमेटी की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिक मैनपावर वाले सरकारी प्रतिष्ठानों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एडीसी ने विभिन्न सरकारी विभागों में अप्रेंटिसशिप योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की और सभी विभागों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अधिक से अधिक अप्रेंटिस अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
आईटीआई विभाग के साथ होगा बेहतर समन्वय
एडीसी सोनू भट्ट ने निर्देश दिए कि जिन सरकारी प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों की संख्या अधिक है, वहां आईटीआई विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। यह अधिकारी विभाग की आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षुओं की मांग आईटीआई विभाग को भेजेगा। इसके आधार पर आईटीआई विभाग पात्र अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध कराएगा, जिससे अप्रेंटिसशिप प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेगी।
युवाओं के रोजगार का प्रभावी माध्यम
एडीसी ने कहा कि अप्रेंटिसशिप योजना युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों से इस योजना को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।
