गुरुग्राम: गांवों में पानी आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे राव नरबीर सिंह

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को मानेसर नगर निगम कार्यालय में निगम अधिकारियों के साथ विभिन्न गांवों में निगम की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निगम अधिकारियों से कहा कि सफाई, जलापूर्ति, सामुदायिक सुविधाएं और पर्यावरण से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कोताही न बरतें। निगम क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि निगम की ओर से करवाए जा रहे कार्यों की निगरानी रखे और सुझाव भी दें।

आयुक्त आयुष सिन्हा ने उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह को निगम की ओर से करवाए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में अगले महीने से घरों से कूड़ा उठाने का काम शुरू करवा दिया जाएगा। निगम के विभिन्न गांवों के विकास के लिए 70 करोड़ रुपये की राशि के कामों की सूची तैयार कर ली गई है। एचएसआईआईडीसी की ओर से नगर निगम का कार्यालय बनाने के लिए तीन एकड़ भूमि दी गई है। कार्यालय निर्माण पर होने वाले खर्च की अनुमति शहरी स्थानीय निकाय मुख्यालय से ली जाएगी। सीवर के पानी को ट्रीट करने के लिए जीएमडीए की ओर से गांव नाहरपुर में 25 एमएलडी का एसटीपी बना दिया गया है।

इस एसटीपी में पानी छोडऩे के बाद निगम के दो बड़े गांवों मानेसर और नाहरपुर में होने वाले जलभराव से मुक्ति मिली है। उन्होंने जीएमडीए के अधिकारियों को मानेसर नगर निगम के गांवों में पीने का पानी की आपूर्ति सुचारू करने के भी निर्देश दिए। आयुक्त ने बताया कि गांव बांस कुसला, हरिया, नाहरपुर कासन और ढाणा गांवों के लिए नहरी पानी सप्लाई के लिए जीएमडीए के साथ मिलकर संयुक्त प्रयास किए जा रहे है। इसके अलावा गांव बामड़ौली में जीएमडीए ने नहरी पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है।

गांव शिकोहपुर के पार्षद ने मंत्री के सामने अपने वार्ड की समस्या रखते हुए बताया कि गांव में कम्युनिटी सेंटर का निर्माण अधूरा है। गांव में एक पीएचसी का निर्माण करवाया जाए, गांव की जमीन का सिजरा रेकॉर्ड बनाया जाए। इंडोर स्टेडियम का रख-रखाव आदि किया जाए। इस पर राव नरबीर सिंह ने निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन कामों को प्राथमिकता से पूरा करें। इसके अलावा सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव ने भी निगम क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित एक मांग पत्र राव नरबीर सिंह को सौंपा। मंत्री राव नरबीर सिंह ने सेक्टर-8 स्थित नगर निगम कार्यालय में सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव और डिप्टी मेयर रीमा चौहान के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles