गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : गुरुग्राम फर्जी कॉल अलर्ट: गुरुग्राम नगर निगम के नाम पर नागरिकों को फर्जी कॉल और संदेश भेजे जा रहे हैं। इन कॉल्स में जल आपूर्ति बंद करने की धमकी देकर लोगों से ऐप डाउनलोड करने या भुगतान करने को कहा जा रहा है। इस संबंध में मेयर राजरानी मल्होत्रा ने नागरिकों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल से सावधान रहने की सलाह दी है।
नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने सोमवार को बताया कि साइबर धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए नगर निगम ने एक सार्वजनिक सलाह जारी की है। नागरिकों को आगाह किया गया है कि वे किसी भी फर्जी कॉल या संदेश के बहकावे में न आएं, जिनमें उनसे किसी ऐप को डाउनलोड करने या राशि का भुगतान करने के लिए कहा जा रहा हो। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई भी अधिसूचना नगर निगम गुरुग्राम की ओर से अधिकृत रूप से जारी नहीं की गई है। इस मामले में नगर निगम गुरुग्राम द्वारा साइबर शाखा गुरुग्राम में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
मेयर ने कहा कि यह देखा गया है कि कुछ असामाजिक तत्व नगर निगम के नाम पर फर्जी कॉल और मैसेज भेजकर नागरिकों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। इन संदेशों में दावा किया जा रहा है कि नगर निगम द्वारा एक विशेष ऐप डाउनलोड करना अनिवार्य है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि नगर निगम की ओर से ऐसा कोई आदेश या दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने नागरिकों को सुझाव दिया है कि ऐसे किसी भी कॉल या मैसेज पर विश्वास न करें जिसमें आपसे तुरंत कोई ऐप डाउनलोड करने या कोई व्यक्तिगत जानकारी साझा करने को कहा जाए। यदि किसी संदेश में लिंक हो, तो उस पर क्लिक न करें – यह एक फिशिंग अटैक हो सकता है। अगर आपको कोई संदेहास्पद संचार प्राप्त होता है, तो तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
मेयर ने कहा कि ऐसे फर्जी कॉल और मैसेज का मकसद आम नागरिकों की निजी जानकारी चुराना होता है, जिसे बाद में वित्तीय ठगी या पहचान चोरी के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा यह भी कहा गया है कि अगर भविष्य में किसी प्रकार की डिजिटल सेवा या ऐप को लेकर कोई आधिकारिक निर्देश जारी किया जाएगा, तो वह केवल नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट, प्रेस विज्ञप्तियों या स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से ही किया जाएगा।
इस प्रकार के साइबर हमलों से सुरक्षित रहने के लिए नागरिकों का सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
