गुरुग्राम: प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों पर होगी भाजपा की टिफिन बैठक, डॉ. अर्चना गुप्ता ने दिए निर्देश

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 21 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों पर टिफिन बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शक्ति केंद्र पर जिला द्वारा नियुक्त वक्ता, शक्ति केंद्र प्रमुख, सभी बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बीएलए-2, क्षेत्र के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी और सभी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि टिफिन बैठक का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना है।

बैठक में संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि टिफिन बैठक के दौरान बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष और बीएलए-2 का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद सभी जानकारियों को सरल पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में चल रहे डिजिटल लर्निंग अभियान में गुरुग्राम जिला वर्तमान में दूसरे स्थान पर है, जो जिले के कार्यकर्ताओं की सक्रियता को दर्शाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से पहुंचाकर गुरुग्राम को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने का प्रयास करें।

बैठक में जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र यादव, जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रमुख और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles