भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने गुरुग्राम में की मैराथन बैठकें
23 अगस्त को प्रदेश के सभी बूथों और शक्ति केंद्रों पर होंगी बैठकें
गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को भाजपा कार्यालय गुरुकमल में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने के लिए मैराथन बैठकें कीं। उन्होंने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ चार अलग-अलग बैठकों में सीधा संवाद किया। इस दौरान प्रदेश में चल रहे अभियानों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
डा. अर्चना गुप्ता ने शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, संगठन विस्तार और सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद किया। बैठक में पलवल, फरीदाबाद, फरीदाबाद महानगर, गुरुग्राम, गुरुग्राम महानगर, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों के मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी शामिल हुए, जबकि अन्य जिलों के कार्यकर्ता वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 23 अगस्त को प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों में बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने सरल पोर्टल पर बैठकों के फोटो अपलोड करने तथा त्रिदेव से नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर आवश्यक रजिस्टर और व्हाट्सएप ग्रुप तैयार करने को कहा।
उन्होंने बूथ समितियों के गठन के साथ पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र और बूथ समितियों के लिए अलग-अलग रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। डा. अर्चना गुप्ता ने संत गुरु रविदास जयंती को लेकर चल रहे अभियान की भी समीक्षा की।
शक्ति केंद्र संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी:
शक्ति केंद्र वक्ताओं की प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए डा. सतीश पूनिया ने कहा कि शक्ति केंद्र भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता से निरंतर संवाद और संपर्क बनाए रखना जरूरी है।
संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी बैठकों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने सभी नेताओं का स्वागत किया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, गोपाल शर्मा, जवाहर सैनी, गुरुग्राम जिला प्रभारी संदीप जोशी, फरीदाबाद महानगर जिला प्रभारी कमल यादव, गुरुग्राम महानगर जिला प्रभारी राजकुमार वोहरा, जिला महामंत्री अजीत यादव और मनीष सैदपुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

