Home Gurugram गुरुग्राम में बारिश बनी आफत: चार घंटे की बरसात ने खोली व्यवस्था...

गुरुग्राम में बारिश बनी आफत: चार घंटे की बरसात ने खोली व्यवस्था की पोल

0
गुरुग्राम बारिश जलभराव

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : कभी राहत समझी जाने वाली बारिश अब गुरुग्राम के लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। गुरुवार को मात्र चार घंटे की तेज बारिश ने एक बार फिर जीएमडीए, नगर निगम, जिला प्रशासन और एनएचएआई के तमाम दावों को ध्वस्त कर दिया। जल निकासी की असफल व्यवस्था और प्रशासनिक नाकामी ने शहर को घुटनों पर ला दिया।

शहर बना तालाब, हाईवे पर तैरती गाड़ियां

बारिश इतनी तेज थी कि शहर के अधिकांश हिस्सों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। दिल्ली-जयपुर हाइवे पर नरसिंहपुर में स्थिति सबसे गंभीर रही, जहां चार फीट तक पानी जमा हो गया। कई गाड़ियां वहीं खराब हो गईं। सुभाष चौक, एमजी रोड, सोहना रोड, और ओल्ड सिटी समेत कई इलाकों की सर्विस लेन जलमग्न रहीं।

दुकानें, मकान डूबे, जाम से हाहाकार

शहर के निचले इलाकों में स्थित दुकानों और मकानों में पानी भर गया। जलभराव के चलते हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया जो दोपहर तक बना रहा। ट्रैफिक पुलिस बारिश में ड्यूटी करती दिखी, लेकिन स्थिति पर नियंत्रण नहीं हो पाया।

खराब हुई गाड़ियां, फंसे लोग

नरसिंहपुर, जहां हाल ही में प्रशासन ने अस्थाई ड्रेनेज बनाई थी, वहां चार फीट तक पानी भर गया। सुभाष चौक पर तीन फीट पानी जमा होने से गाड़ियां फंस गईं। खेड़कीदौला, बिलासपुर, खांडसा, राजीव चौक, इफको चौक, और उद्योग विहार में भी दो से तीन फीट तक पानी देखने को मिला।

जलभराव की चपेट में ये क्षेत्र भी आए

ओल्ड सिटी के सेक्टर 9, 9A, 10, 4, शीतला कॉलोनी, पालम विहार, सेक्टर 21-23 के साथ-साथ गोल्फ कोर्स रोड, सेक्टर 56, 46, 40, 31, और एसपीआर में भी जलभराव देखा गया। मुख्य सड़कों पर दो फीट से अधिक पानी था, जिससे छोटे वाहन बंद हो गए।

अधिकारी क्या बोले?

जीएमडीए के चीफ इंजीनियर राजेंद्र जांगड़ा ने बताया कि नरसिंहपुर में तीन में से केवल दो कल्वर्ट की सफाई हो सकी थी। तीसरे में गड्ढा बन गया जिससे पानी नहीं निकल सका। टीमें मौके पर भेजी गई हैं।

वहीं नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि ज़ोन वाइज टीमें पानी निकासी में जुटी हैं। कई क्षेत्रों में अत्यधिक जलभराव है, जिस पर संयुक्त आयुक्त को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version