गुरुग्राम: पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही होगा सफल : कृष्ण लाल पंवार

जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी, सोहना में आयोजित हुआ 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव
– गुरुग्राम में तीन लाख पौधे लगाने का रखा गया लक्ष्य

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा सरकार के ‘हरित हरियाणा-स्वच्छ हरियाणा’ अभियान को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी, सोहना में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पौधारोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के लिए सभी को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि हरित और स्वच्छ गांव तथा शहर ही विकसित हरियाणा और विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे। प्रकृति हमें जीवन के लिए आवश्यक वायु, जल और संसाधन उपलब्ध कराती है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक व्यक्ति अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाए।

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान देशभर में व्यापक जनसहभागिता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में हरियाणा में 1.40 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं गुरुग्राम जिले में तीन लाख पौधों का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें 1.50 लाख पौधे वन विभाग तथा 1.50 लाख पौधे आमजन, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऑक्सीजन वन, हर्बल पार्क, तीर्थ स्थलों के हरित विकास, वन मित्र कार्यक्रम और वन्यजीव संरक्षण जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के हरित क्षेत्र का निरंतर विस्तार कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles