फतेहाबाद डिस्ट्रीब्यूटरी नहर में आई दरार, दर्जनों एकड़ खेत जलमग्न

फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो) : नेशनल हाइवे 9 हिसार रोड स्थित गांव धांगड़ के पास मंगलवार अलसुबह अचानक फतेहाबाद डिस्ट्रीब्यूटरी नहर में दरार आ गई। नहर में करीब 15 फुट दरार के कारण दर्जनों एकड़ खेत जलमग्न हो गए। नहर टूटने की सूचना मिलते ही गांव व आसपास के किसान मौके पर इकट्ठा हो गए और इस बारे में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचित किया गया। इस पर सिंचाई विभाग की टीम मशीनें लेकर मौके पर पहुंची और नहर में आई दरार को पाटने का काम शुरू किया गया। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद इस दरार को भर दिया गया।

गांव धांगड़ के किसानों ने बताया कि सुबह जब वह खेत में पहुंचे तो देखा कि फतेहाबाद डिस्ट्रीब्यूटरी की बुर्जी नं. 75 के पास से नहर टूट गई थी। नहर से तेजी से पानी खेतों की तरफ जा रहा था। देखते ही देखते नहरी पानी ने करीब 50 एकड़ जमीन को अपनी चपेट में ले लिया। इस पर किसानों ने पहले अपने स्तर पर नहर को पाटने का काम शुरू कर दिया व वहीं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की टीम रात को ही मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों और मशीनों की मदद से करीब 4 घंटे बाद नहर में आई दरार को भर दिया गया। इस बारे में सिंचाई विभाग के जेई दीपक कुमार, बेलदार सत्यवान का कहना है कि सुबह करीब 4 बजे उन्हें नहर टूटने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही वह मशीनें लेकर मौके पर पहुंच गए थे। मंगलवार सुबह करीब 7.30 बजे तक इस दरार को पूरी ठीक कर दिया गया है। दो जेसीबी लगाकर नहर के किनारों पर मिट्‌टी की पूरी परत मजबूत कर दी गई है। इस दौरान दलीप गोदारा, सुधीर, छोटेराम, राधेश्याम, छेलूराम, ओम प्रकाश, पृथ्वी गोदारा, रणसिंह काजला सहित 50 से अधिक किसानों ने भी सिंचाई विभाग का सहयोग किया। बता दें कि दो दिन पहले गांव गोरखपुर में डूमा पुल के पास सिद्धमुख ब्रांच नहर भी टूट गई थी। नहर में करीब 40 फीट से ज्यादा चौड़ी दरार आ गई। इस कारण करीब 500 एकड़ से ज्यादा फसल में पानी भर गया। वहीं, कई ढाणियों के चारों ओर चार से पांच फीट जलभराव हो गया था।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles