Home Haryana फतेहाबाद: सरकार के खिलाफ सडक़ों पर उतरे किसान,भेजा ज्ञापन

फतेहाबाद: सरकार के खिलाफ सडक़ों पर उतरे किसान,भेजा ज्ञापन

0
फतेहाबाद में किसान प्रदर्शन करते हुए समूह

फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सैंकड़ों किसान आज फतेहाबाद में सरकार के खिलाफ सडक़ों पर उतरे और जमकर नारेबाजी की। किसान नई सब्जी में एकत्रित हुए और वहां से प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय मजदूर किसान मंच से धीरज गाबा और पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति से ओमप्रकाश हसंगा ने संयुक्त रूप से किया वहीं मुख्य वक्ता के तौर पर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम फतेहाबाद को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो प्रदेशभर के किसान किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के बैनर तले एक सितम्बर को मुख्यमंत्री का घेराव करेंगे। आज के प्रदर्शन में सेम व जलभराव से पीडि़त गांव रामसरा, ढाबी कलां, खाबड़ा कलां, खाबड़ा खुर्द सहित अनेक गांवों के किसानों ने भी भाग लिया। प्रदर्शन से पूर्व किसानों को संबोधित करते हुए मनदीप नथवान ने कहा कि आज हरियाणा के किसान सरकार की कृषि विरोधी नीतियों के कारण परेशान है।

खाद वितरण में रकार पोर्टल लागू करने जा रही है, जिसे तुरंत रद्द किया जाए। खाद की कमी को दूर कर खाद वितरण प्रणाली में सुधार हो। कॉपरेटिव सोसायटी के माध्यम से खाद वितरित की जाए। नए बने सीड एवं पेस्टीसाइड एक्ट लागू हो ताकि नकली खाद, बीज बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा में धान की रोपाई 15 जून से शुरू हो जाती है और 90 दिन में फसल पककर तैयार हो जाती हैं। ऐसे में सरकार धान की खरीद 15 सितम्बर से शुरू करे। नहरों में पानी की दो सप्ताह सप्लाई व एक सप्ताह बंदी वाला शैड्यूल लागू किया जाए।

जलभराव से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए प्रदेश में नदी-नालों की सफाई, नदियों पर बांध और जहां नदी-नाला दूर है, वहां ड्रेन और पाइप लाइन की व्यवस्था हो। मण्डी में अनाज तुुलाई में हेरा-फेरी रोकने के लिए कम्प्यूटर कांटों का प्रयोग हो और फसलों की तुलाई, सुखाई, उतराई में आने वाले खर्च का हर महीने के बाहर ब्यौरा लिखकर लगाया जाए। किसानों को ट्यूब्वैल कनैक्शन देने की प्रक्रिया सरल की जाए। बिजली बिल 2025 और स्मार्ट मीटर लगाने का फैसला रद्द हो।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version