फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) द्वारा आगामी 26 और 27 जुलाई को कॉमन पात्रता परीक्षा (सीईटी) का आयोजन किया जाएगा। जिले में कुल 71 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो फतेहाबाद, रतिया, भुना और भट्टूकलां के 60 स्थानों पर फैले हुए हैं। इस परीक्षा में जिले के कुल 18,914 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मनदीप कौर ने मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, बिजली, पानी, स्वच्छता, और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पूरी व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के केंद्रों पर तैनात सभी ड्यूटी स्टाफ को समय रहते प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है, साथ ही परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण भी किया जाए। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों, फ्लाइंग स्क्वायड, जिला नोडल अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के लिए कहा, ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सफल हो।
परिवहन विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दोनों दिन अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था की जाए। वहीं, पुलिस विभाग को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, सुरेश कुमार, डीएमसी संजय बिश्नोई, नगराधीश गौरव गुप्ता, डीआरओ श्याम लाल, डीएसपी जगदीश काजला, रोडवेज जीएम अजय दलाल, डीईईओ अनिता सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
