Home Gurugram ED का TDI Group पर एक्शन, रविन्दर तनेजा से जुड़े परिसरों पर...

ED का TDI Group पर एक्शन, रविन्दर तनेजा से जुड़े परिसरों पर छापेमारी; दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त

0
ED

नई दिल्ली, वायरल सच (हि.स.): प्रवर्तन निदेशालय (ED) के चंडीगढ़ जोन-I ने मानेसर लैंड स्कैम मामले में 28 सितंबर को टीडीआई ग्रुप के चेयरमैन रविन्दर तनेजा और टीडीआई ग्रुप की विभिन्न कंपनियों से जुड़े कारोबारी और आवासीय परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत चल रही जांच के सिलसिले में की गई।

तलाशी के दौरान कई परियोजनाओं से जुड़े रिकॉर्ड और फाइलों के अलावा कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, सर्वर समेत कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। ईडी के अनुसार, तलाशी के दौरान कुछ संपत्तियों और लग्जरी वाहनों को भी अपराध से अर्जित आय (Proceeds of Crime) के रूप में चिन्हित कर जब्त किया गया है।

CBI की FIR से शुरू हुई जांच

ED ने शुक्रवार को बताया कि यह जांच CBI द्वारा दर्ज FIR से शुरू हुए गुरुग्राम (मानेसर) लैंड स्कैम मामले से जुड़ी है। टीडीआई ग्रुप की भूमिका की जांच कथित अपराध अवधि के दौरान अतुल बंसल और उनके नेतृत्व वाले ABWIL समूह की कंपनियों के साथ किए गए कथित लेनदेन के संबंध में की जा रही है।

जांच एजेंसी के अनुसार, मानेसर, नौरंगपुर और लखनौला गांवों में वर्ष 2007 में अधिग्रहण के लिए अधिसूचित 400 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को निजी बिल्डरों और बिचौलियों ने कथित तौर पर किसानों से कम कीमत पर खरीदा था।

ED के अनुसार, उस समय आशंका थी कि इस भूमि का अधिग्रहण HSIIDC की ओर से किया जा सकता है। बाद में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया समाप्त हो गई और अवॉर्ड को छोड़ दिया गया। इसके बाद कथित तौर पर इन्हीं जमीनों को बिचौलियों ने कई गुना अधिक कीमत पर बेच दिया, जिससे भारी मुनाफा हुआ।

TDI Group ने करीब 33 एकड़ जमीन खरीदी

ED ने अपनी जांच में रविन्दर तनेजा के नेतृत्व वाले TDI Group की भूमिका को कथित तौर पर ऐसे ही एक बिचौलिए के रूप में चिन्हित किया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2005 से 2007 के बीच भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान टीडीआई ग्रुप ने तीन कंपनियों के माध्यम से किसानों से करीब 33 एकड़ जमीन खरीदी। इनमें:

  • M/s Indo Asian Construction Company Pvt. Ltd.
  • M/s NCR Properties Pvt. Ltd.
  • M/s Divya Jyoti Enterprises Pvt. Ltd.

शामिल हैं।

ED के अनुसार, इन कंपनियों के माध्यम से खरीदी गई जमीन बाद में अतुल बंसल समूह को अधिक कीमत पर बेची गई, जिससे टीडीआई ग्रुप को कथित तौर पर भारी मुनाफा हुआ। एजेंसी इन लेनदेन और पूरी भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया से जुड़े वित्तीय मामलों की जांच कर रही है।

नई दिल्ली और SAS नगर में तीन दिन से अधिक चली तलाशी

ED का तलाशी अभियान नई दिल्ली और एसएएस नगर स्थित परिसरों में तीन दिन से अधिक समय तक चला। इस दौरान अन्य परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं और गैर-कानूनी गतिविधियों से जुड़े कई रिकॉर्ड भी सामने आए हैं।

तलाशी के दौरान दर्जनों परियोजना रिकॉर्ड और फाइलों के साथ डिजिटल उपकरण, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और सर्वर जब्त किए गए। एजेंसी ने कुछ लग्जरी वाहनों को भी अपराध से अर्जित आय के रूप में चिन्हित कर जब्त किया है।

जब्त सामग्री की जांच जारी

ED के मुताबिक, जब्त दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों, चिन्हित संपत्तियों और टीडीआई ग्रुप की कंपनियों के वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है।

एजेंसी अब जब्त सामग्री की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच की प्रगति और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version