Home Gurugram यमुनानगर में 51 ग्राम हेरोइन के साथ ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार, नशा तस्करी...

यमुनानगर में 51 ग्राम हेरोइन के साथ ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार, नशा तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

0

यमुनानगर, वायरल सच (ब्यूरो): यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत से पुलिस रिमांड लिया गया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जगाधरी वर्कशॉप रोड स्थित गुरु तेग बहादुर गली में एक व्यक्ति मादक पदार्थ बेचने के उद्देश्य से मौजूद है। सूचना के आधार पर एएसआई कर्मबीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को हिरासत में लिया।

कानूनी प्रक्रिया के तहत ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 51 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान पुराना हमीदा खड्डा कॉलोनी निवासी अब्दुल जब्बार के रूप में हुई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पेशे से ई-रिक्शा चालक है और पहले भी उसके खिलाफ अवैध शराब से जुड़ा एक आपराधिक मामला दर्ज है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह स्वयं भी नशे का सेवन करता है और पिछले करीब दो माह से हेरोइन की अवैध बिक्री में शामिल था। वह सहारनपुर से ई-रिक्शा लेकर यमुनानगर में चलाता था।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन किस स्रोत से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस रिमांड के दौरान मिलने वाली जानकारी के आधार पर नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version