Home Delhi NCR कांवड़ यात्रा 2026: दिल्ली सरकार की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं के स्वागत के...

कांवड़ यात्रा 2026: दिल्ली सरकार की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए बनेगी विशेष व्यवस्था

0

नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): सावन माह में हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर दिल्ली पहुंचने वाले लाखों कांवड़ियों के स्वागत और उनकी सुविधा के लिए दिल्ली सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण बनाने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया गया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा की सभी व्यवस्थाएं सेवा भाव और बेहतर समन्वय के साथ पूरी की जाएं, ताकि राजधानी में आने वाला हर शिवभक्त सम्मान और सुरक्षा का अनुभव कर सके।

दिल्ली सरकार राजधानी के प्रमुख प्रवेश मार्गों और कांवड़ रूट पर विशेष स्वागत द्वार बनाएगी। श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा और मुख्यमंत्री स्वयं भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर कांवड़ियों का अभिनंदन करेंगी।

कांवड़ समितियों को राहत देने के लिए सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया है, जिससे अनुमति और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं आसान होंगी। अधिकारियों को समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और उनकी जरूरतों के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ शिविरों में 24 घंटे सफाई व्यवस्था, पर्याप्त सफाईकर्मियों की तैनाती और उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उनकी नियमित सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों को सौंपने के निर्देश भी दिए गए।

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिविरों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की शिफ्टवार तैनाती, पर्याप्त दवाइयों, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा बारिश के दौरान जलभराव से निपटने के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कांवड़ मार्गों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस और यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, पीसीआर तैनाती और दुर्घटना रोकथाम से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा भी सुचारु रहे और आम नागरिकों को भी न्यूनतम असुविधा हो।

बैठक में कला एवं संस्कृति मंत्री एवं कांवड़ समिति के अध्यक्ष कपिल मिश्रा, समिति के सदस्य विधायक अजय महावर, अनिल शर्मा, करनैल सिंह, संजय गोयल, उमंग बजाज और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version