आगरा, वायरल सच (ब्यूरो) : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के होनहार खिलाड़ी दीप्ति शर्मा का भारतीय महिला टीम में चयन से जिले में खुशी का माहौल है। दीप्ति का चयन क्रिकेट विश्व कप 2025 के लिए हुआ है।
उत्तर प्रदेश के आगरा के शमशाबाद कस्बे में 24 अगस्त 1997 को जन्मी दीप्ति के पिता भगवान शर्मा भारतीय रेलवे से रिटायर्ड हैं। उनकी मां सुशीला शर्मा एक शिक्षिका हैं। दीप्ति ने तेज गेंदबाज रहे अपने बड़े भाई सुमित शर्मा से प्रेरित होकर क्रिकेट को अपना कॅरियर चुना।
उत्तर प्रदेश की टीम में, 12 साल की उम्र में ही दीप्ति का चयन हो गया था। वर्ष 2014 में दीप्ति भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए चुनी गयीं। इसी वर्ष उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने वनडे कॅरियर की शुरुआत की। दीप्ति ने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ मैच में पूनम राउत के साथ मिलकर 320 रनों की विश्व रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी की। उसमें दीप्ति ने ख़ुद 188 रन बनाये थे। महिला वनडे क्रिकेट में ये दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
दीप्ति को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्ष 2020 में अर्जुन पुरस्कार से नवाज़ा गया। दीप्ति अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। दीप्ति डब्ल्यूपीएल में यूपी वारियर्स के लिए खेलते हुए हैट्रिक लेकर पहली भारतीय गेंदबाज बनीं। दीप्ति शर्मा को खेल में शानदार उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए यूपी पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया गया है।
दीप्ति के पिता भगवान शर्मा ने बताया कि दीप्ति बचपन से ही क्रिकेट के लिए पूर्ण समर्पित है। उसका वर्ल्ड कप में चयन आगरा के साथ-साथ देश के लिए भी गौरव का विषय है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुशील जोशान ने कहा कि दीप्ति का चयन नई पीढ़ी के लिए एक रोल मॉडल का काम करेगा।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
