Home Gurugram गुरुग्राम दौरे पर CM नायब सिंह सैनी: भाजपा विधायकों संग SIR पर...

गुरुग्राम दौरे पर CM नायब सिंह सैनी: भाजपा विधायकों संग SIR पर बैठक, विकास और प्रदूषण नियंत्रण पर मंथन

0

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दो दिवसीय गुरुग्राम दौरे के पहले दिन विभिन्न प्रशासनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहे। मुख्यमंत्री ने गुरुकमल कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ हाई-लेवल बैठक की, जिसमें SIR सहित प्रदेश के विकास, रोजगार और राजनीतिक रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम को औद्योगिक और निवेश के क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। नए उद्योगों की स्थापना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने पर विशेष मंथन हुआ। साथ ही, विधायकों से फीडबैक लेते हुए विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों का तथ्यात्मक और प्रभावी तरीके से जवाब देने के निर्देश भी दिए गए। सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आम जनता तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा द्वारा आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास की 950वीं जयंती के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के वंचित, पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम को पर्यावरण संबंधी हाई-लेवल समीक्षा बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव करेंगे, जबकि हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह भी इसमें मौजूद रहेंगे। बैठक में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA), नगर निगम गुरुग्राम, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण विशेषज्ञ प्रदेश में बढ़ते प्रदूषण, वेस्ट मैनेजमेंट, औद्योगिक उत्सर्जन तथा धूल नियंत्रण जैसे विषयों पर विस्तृत समीक्षा करेंगे। आगामी सर्दियों में वायु गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार किए जाने की भी संभावना है।

मुख्यमंत्री का शुक्रवार का रात्रि विश्राम गुरुग्राम में रहेगा। इसके बाद शनिवार को वे जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस कमेटी) की मासिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें आम जनता की शिकायतों की सुनवाई कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को गुरुग्राम के विकास, निवेश, रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर इस दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version