Home India कांग्रेस सरकार के तीन साल पर भाजपा का हमला, 4 दिसंबर को...

कांग्रेस सरकार के तीन साल पर भाजपा का हमला, 4 दिसंबर को धर्मशाला में विशाल प्रदर्शन का एलान

0
भाजपा नेता 4 दिसंबर को धर्मशाला में कांग्रेस सरकार

शिमला, वायरल सच (ब्यूरो) : धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्षी दल भाजपा 4 दिसंबर को एक बड़ा प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन जोरावर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। भाजपा इसमें कांग्रेस सरकार के तीन साल के कार्यकाल को लेकर असफलताओं का ठीकरा सरकार पर फोड़ेगी। आज शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखे प्रहार किए और 4 दिसंबर के प्रदर्शन को “जनता की आवाज” बताया।

राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का तीन साल का कार्यकाल हिमाचल के लिए नाकामी और अव्यवस्था का दौर रहा है। उन्होंने दावा किया कि 11 दिसंबर को जब कांग्रेस सरकार अपने तीन साल पूरे करेगी, तब वह जश्न की तैयारी कर रही है, जबकि प्रदेश की वास्तविक स्थिति बेहद खराब है। बिंदल ने आरोप लगाया कि इन तीन वर्षों में युवा बेरोजगारों की स्थिति खराब हुई, प्रदेश आर्थिक दिवालियेपन की ओर बढ़ा, कानून-व्यवस्था बिगड़ी और मजदूरों व आम जनता को दी गई गारंटियां झूठ साबित हुईं।

बिंदल ने आगे कहा कि सरकार ने दफ्तरों और कई महत्वपूर्ण संस्थाओं को कमजोर किया और तालाबंदी की, विकास कार्य ठप कर दिए और प्रदेश को कर्ज़ के बोझ तले दबा दिया।

उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट में जिन भर्तियों और महिलाओं के लिए जिन योजनाओं के वादे किए गए थे और गारंटी दी गई थी, उन पर कोई काम नहीं हुआ। इसी तरह जनहित से जुड़ी योजनाओं को बंद कर दिया गया, जिससे जनता निराश है। उन्होंने ऐलान किया कि भाजपा 4 दिसंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में प्रचंड प्रदर्शन करेगी और इस सरकार के “असफल” शासन के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करेगी।

उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन के लिए पार्टी उपाध्यक्ष व वरिष्ठ विधायक विपिन परमार को प्रभारी तथा पांच नेताओं को सह-प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया है। पंचायत चुनावों में देरी को लेकर भी बिंदल ने चिंता जताई और कहा कि पंचायत चुनाव समय पर करवाना जरूरी है। यदि कांग्रेस सरकार इन्हें टालने की कोशिश करती है, तो भाजपा इसे भी प्रदर्शन में जोरदार तरीके से उठाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाए रखना भाजपा का संकल्प है।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सरकार तीन साल का जश्न मनाने की तैयारी कर रही है, जबकि प्रदेश में डिजास्टर एक्ट लागू है और पंचायत व नगर निकाय चुनाव स्थगित करने की चर्चा चल रही है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि ऐसी स्थिति में जश्न मनाना जनता को गले नहीं उतर रहा।

जयराम ने कहा कि कांग्रेस राज में बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा और आउटसोर्स कर्मचारियों को काम से हटाया जा रहा है। सरकार से पूछा गया कि एक भी ऐसी योजना बताएं जो जनहित में हो, लेकिन ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना का पैसा नहीं पहुंच रहा और शगुन, जनमंच जैसी जनहित योजनाओं को बंद कर दिया गया है। ऐसे में सरकार किस बात का जश्न मना रही है, यह समझ से परे है।

उन्होंने सरकार से जश्न का फैसला वापस लेने की मांग की और कहा कि भाजपा विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। बिहार चुनाव परिणामों पर टिप्पणी करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की हालत इतनी खराब हो गई कि वह बिहार में “बोलेरो में फिट” हो गई। उन्होंने कटाक्ष किया कि हिमाचल चुनाव में कांग्रेस को “ऑल्टो में फिट कर भेजा जाएगा।”

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version