नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो) : लंबे इंतजार के बाद अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से एक्सिओम-4 मिशन को बुधवार को सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया गया। भारतीय समयानुसार सुबह 12:01 बजे, स्पेसएक्स का फाल्कन 9 रॉकेट और उसके साथ सवार क्रू ड्रैगन कैप्सूल ने उड़ान भरी, जिसमें भारत के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सहित चार अंतरिक्ष यात्री शामिल थे।
शुभांशु शुक्ला: अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय
इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को बधाई दी। उन्होंने कहा:
“शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के मिशन पर जाने वाले भारत के पहले प्रतिनिधि हैं। यह देश के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।”
भारत के बढ़ते अंतरिक्ष कद की प्रतीक है यह सफलता
डॉ. जितेंद्र सिंह ने आगे कहा कि मोदी सरकार द्वारा लागू किए गए अंतरिक्ष क्षेत्र में सुधारों के कारण ही आज भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान में अग्रणी स्थान प्राप्त हो रहा है। उन्होंने भारत के महान वैज्ञानिकों डॉ. विक्रम साराभाई और डॉ. सतीश धवन को भी इस उपलब्धि का श्रेय दिया।
“यह उपलब्धि भारत के संस्थापकों की दूरदर्शिता और समर्पण का परिणाम है।”
वैज्ञानिक प्रयोगों में भारत की भूमिका अहम
एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के वैज्ञानिक संस्थानों द्वारा डिजाइन किए गए 7 प्रमुख वैज्ञानिक प्रयोग भी किए जाएंगे। यह प्रयोग विभिन्न अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। शुभांशु शुक्ला को इस मिशन का मुख्य वैज्ञानिक सदस्य माना जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सराहना
इस लॉन्च की सफलता पर भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन, दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर फ्रांसिस एडमसन सहित कई अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों ने शुभकामनाएं दीं। भारत सरकार के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर मिठाइयों का वितरण कर इस ऐतिहासिक क्षण का उत्सव मनाया गया।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
