अलवर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार

अलवर, वायरल सच (ब्यूरो): राजस्थान के अलवर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अरावली विहार थाना में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) शंकर लाल शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पुत्र के खिलाफ दर्ज एक मुकदमे की जांच कर रहे एएसआई शंकर लाल शर्मा, मुकदमे से उसके बेटे का नाम हटाने, मारपीट नहीं करने और मदद करने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।

शिकायत के अनुसार आरोपी 13 जुलाई को परिवादी के घर पहुंचा, जहां उसने 5 हजार रुपये पहले ही ले लिए और शेष राशि लाने का दबाव बनाया। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत लेना और बाकी 10 हजार रुपये की मांग करना सही पाया गया।

इसके बाद उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन और एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी एवं उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान एएसआई शंकर लाल शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles