AI खेल प्रशिक्षण को वैज्ञानिक बना रही है, लेकिन जुनून और देशभक्ति का विकल्प नहीं: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा के 198 खिलाड़ियों को 20.59 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि, मिशन-2036 के तहत खेल ढांचे को मिल रही नई मजबूती

चंडीगढ़, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) खेल प्रशिक्षण को अधिक वैज्ञानिक और प्रभावी बना रही है, लेकिन यह कभी भी खिलाड़ियों के जुनून, समर्पण और देशभक्ति का स्थान नहीं ले सकती। उन्होंने कहा कि AI फिटनेस का विश्लेषण, चोट की संभावना का पूर्वानुमान और विपक्षी टीम की रणनीति समझने में मदद कर सकती है, लेकिन तिरंगा लेकर विजय मंच पर खड़े खिलाड़ी की भावनाओं को कभी नहीं समझ सकती।

मुख्यमंत्री पंचकूला में आयोजित राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के नकद पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने 198 अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 20.59 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। इनमें 117 विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं के खिलाड़ियों को 13.75 करोड़ रुपये, पैरा एशियन गेम्स 2022 के तीन खिलाड़ियों को 2.32 करोड़ रुपये तथा राष्ट्रीय स्तर के 78 खिलाड़ियों को 4.52 करोड़ रुपये प्रदान किए गए।

उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में 16,984 खिलाड़ियों को 709 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जा चुकी है और आज की राशि जोड़ने के बाद यह आंकड़ा लगभग 730 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि तकनीक का पूरा उपयोग करें, लेकिन अपने भीतर के मानवीय मूल्यों, अनुशासन और देशभक्ति को हमेशा जीवित रखें, क्योंकि भविष्य उन्हीं का होगा जो तकनीक और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन बनाए रखेंगे।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि 2028, 2032 और 2036 के ओलंपिक खेलों में भारत के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ी हरियाणा से ही निकलेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियमों के तहत अब तक 260 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। साथ ही खेल ग्रेडेशन नीति में संशोधन कर हरियाणा स्टेट गेम्स के खिलाड़ियों को भी इसका लाभ देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि खेल रत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन, ध्यानचंद और तेनजिंग नोर्गे पुरस्कार विजेताओं को अब 20,000 रुपये प्रतिमाह, जबकि भीम अवॉर्ड विजेताओं को 5,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है।

इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मिशन-2036 के तहत हरियाणा ने 36 ओलंपिक पदक जीतने का लक्ष्य तय किया है। इसी उद्देश्य से खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के खेल स्टेडियमों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles