गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में भी आमजन की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित अनेक भवन काफी पुराने हो चुके हैं। वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्हें कंडम घोषित कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवनों का निर्माण किया जाएगा।
यह नया इंफ्रास्ट्रक्चर आने वाले समय की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को पटौदी उपमंडल के गांव पहाड़ी व डाबोधा में अपने धन्यवादी दौरे में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ करने के लिए गंभीर और प्रतिबद्ध है। हरियाणा में अब डॉक्टर्स की कोई कमी नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हर सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। आमजन मानस को उनके घर के पास ही गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग निरन्तर प्रयासरत है। आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश की वैश्विक छवि में निरन्तर इजाफा हो रहा है। आज देश में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का विजन किसी भी विपक्षी पार्टी के पास नहीं है।
प्रधानमंत्री जो कहते हैं वो करते हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने हरियाणा सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार का तीसरी बार गठन हुआ है, जिसमें दक्षिण हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की सभी जायज मांगों को नियमानुसार प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूरा किया जाएगा।
जनसभा में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के नारे को सार्थक किया है। भाजपा सरकार ने जो बच्चा पढ़ेगा, उसको उसकी काबलियत के आधार पर नौकरी देने का काम किया है। इस अवसर पर जिला परिषद की चेयरपर्सन दीपाली चौधरी, सीएमओ डॉ. अलका सिंह, एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, डिप्टी सीएमओ डॉ नीलिमा, एसएमओ फर्रुखनगर डॉ. कृष्णा मलिक, बीडीपीओ नरेश कुमार, मार्किट कमेटी सचिव विपिन यादव, गुरुग्राम ग्रामीण के भाजपा जिला अध्यक्ष अजित सिंह यादव, प्रोफेसर हंसराज यादव, गांव पहाड़ी के सरपंच लीलूराम, डाबोधा की सरपंच बीरमति सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
