Gurugram, वायरल सच (ब्यूरो): Gurugram में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। लंबे समय से बंद पड़े एक मोबाइल नंबर के दोबारा किसी अन्य व्यक्ति को जारी होने के बाद उसका इस्तेमाल बैंक खाते तक पहुंच बनाने में किया गया। आरोपियों ने बुजुर्ग के बैंक खाते से 32.10 लाख रुपये निकाल लिए। मामले में गुरुग्राम पुलिस के साइबर क्राइम ईस्ट थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Gurugram पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके ससुर के बैंक खाते से 7 मार्च से 2 जून के बीच कई अनधिकृत लेनदेन हुए।
जांच के दौरान बैंक से जानकारी मिली कि खाताधारक के नाम पर नया डेबिट कार्ड जारी किया गया था, जबकि इसके लिए खाताधारक ने कोई आवेदन नहीं किया था। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस की साइबर क्राइम ईस्ट थाना टीम ने बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर और लेनदेन की जांच शुरू की।
बंद मोबाइल नंबर दोबारा हुआ जारी
जांच में सामने आया कि बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर काफी समय से बंद था। बाद में टेलीकॉम कंपनी ने वही नंबर कालकाजी निवासी कुणाल कश्यप को जारी कर दिया।
नंबर पर बैंक खाते से जुड़े ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। पुलिस के अनुसार, इन्हीं संदेशों के जरिए आरोपियों को खाते से जुड़ी जानकारी मिली और उन्होंने इसका गलत इस्तेमाल करने की योजना बनाई।
नेट बैंकिंग से लेकर एटीएम कार्ड तक बनाई पहुंच
Gurugram पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर नेट बैंकिंग एक्टिवेट की और नया एटीएम कार्ड मंगवाया। इसके बाद उन्होंने कार्ड की डिलीवरी पर नजर रखी।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता के घर के बाहर पहुंचकर डाकिये से पहले ही एटीएम कार्ड हासिल कर लिया। इसके बाद कार्ड के जरिए खाते से रकम निकालने और खरीदारी करने का सिलसिला शुरू हुआ।
ठगी की रकम से खरीदे चांदी के सिक्के और आईफोन
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खाते से रकम निकालने के साथ खरीदारी भी की। कुल मिलाकर 32.10 लाख रुपये की रकम का इस्तेमाल किया गया।
ठगी के पैसों से आरोपियों ने 10 चांदी के सिक्के, सोने की बाली और दो आईफोन खरीदे। गुरुग्राम पुलिस ने जांच के दौरान इन सामानों को बरामद कर लिया है।
दिल्ली से चार आरोपी गिरफ्तार
Gurugram पुलिस की साइबर क्राइम ईस्ट थाना टीम ने जांच के आधार पर दिल्ली में कार्रवाई करते हुए कुणाल कश्यप, अंकित, मोहम्मद साहिल और संगीता को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी दिल्ली में की गई। इस कार्रवाई में दिल्ली पुलिस के स्थानीय स्तर पर समन्वय के साथ गुरुग्राम पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदे गए चांदी के सिक्के, सोने की बाली और दो आईफोन बरामद किए हैं।
Gurugram पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं तथा बंद मोबाइल नंबर के जरिए बैंक खाते तक पहुंच बनाने में आरोपियों ने किन-किन तरीकों का इस्तेमाल किया।
