गुरुग्राम में बारिश के पानी में फिर डूबे दावे, जनता मांग रही विकास का हिसाब

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर गुरुग्राम के जलभराव और यातायात व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई इलाकों में सड़कों पर कई फुट तक पानी भर गया, जिसके चलते लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव से परेशान लोगों ने सरकार और प्रशासन से करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद विकास कार्यों का हिसाब मांगा।

सुभाष चौक पर कई फुट पानी, जाम में फंसी स्कूल बसें

बारिश के बाद सुभाष चौक पर हालात सबसे ज्यादा खराब दिखाई दिए। सड़कों पर कई फुट पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और कई स्कूल बसें जलभराव के बीच फंस गईं। बसों में बैठे छोटे बच्चों को उमस और गर्मी के बीच परेशानी झेलनी पड़ी।

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने आगे आकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। वहीं कई अन्य स्थानों पर पानी भरने से वाहन बंद हो गए और लोग सड़कों पर परेशान नजर आए।

कई इलाकों में घरों तक पहुंचा पानी

लगातार बारिश के कारण सेक्टर-55 में जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पानी लोगों के घरों तक पहुंचने लगा। कई जगह वाहन पानी में फंसे दिखाई दिए।

पुराना दिल्ली रोड, सिविल लाइन्स, गोल्फ कोर्स रोड, सोहना रोड, कादीपुर रोड, मदनपुरी, धनवापुर रोड, लक्ष्मण विहार, अर्जुन नगर, ज्योति पार्क, बसई रोड, सेक्टर-9, सेक्टर-7, पटेल नगर और सेक्टर-15 समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही।

25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी

भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने के बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मंगलवार, 25 अगस्त के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष उत्तम सिंह ने कॉरपोरेट और निजी कार्यालयों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है।

प्रशासन का कहना है कि इससे सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और खराब मौसम के दौरान कर्मचारियों को आवागमन में परेशानी से राहत मिलेगी।

जिले के सभी विद्यालयों को भी मंगलवार को इस एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ड्रोन से जलभराव और ट्रैफिक पर नजर

भारी बारिश के बीच गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने ड्रोन की मदद से निगरानी की। प्रमुख मार्गों और जलभराव वाले इलाकों की हवाई निगरानी कर संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई।

पुलिस के अनुसार, ड्रोन से मिली जानकारी के आधार पर ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करने में मदद मिली, जहां जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम की आशंका थी।

बारिश ने फिर खड़े किए विकास पर सवाल

हर भारी बारिश के साथ गुरुग्राम में सामने आने वाला जलभराव और जाम का संकट एक बार फिर चर्चा में है। पानी में फंसे लोगों का सवाल है कि करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के बाद भी शहर को जलभराव से राहत क्यों नहीं मिल पा रही है? अब लोगों की नजर प्रशासन की तैयारियों और स्थायी समाधान पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles