फरीदाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): टाउन नंबर-1 मार्केट में रात्रि गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश, निखिल और पवन कुमार, निवासी रामनगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिसकर्मियों को देखकर नहीं रुका विवाद
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपीओ राजकुमार थाना कोतवाली में ईआरवी राइडर ड्यूटी पर तैनात हैं। 20/21 अगस्त की रात वह अपने साथी पुलिसकर्मी के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान टाउन नंबर-1 मेन मार्केट स्थित दिल्ली जूस कॉर्नर के पास 3-4 युवक आपस में झगड़ते हुए दिखाई दिए।
पुलिसकर्मियों ने युवकों को समझाते हुए रात का समय होने के कारण विवाद खत्म करने और अपने-अपने घर जाने के लिए कहा। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों की बात मानने के बजाय उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी।
सड़क पर पड़े पत्थरों से पुलिस पर हमला
आरोप है कि युवकों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सड़क पर पड़े पत्थर उठाकर पुलिसकर्मियों पर फेंकने शुरू कर दिए। इस पथराव में एसपीओ राजकुमार के सिर में चोट लगी।
घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
शराब के नशे में होने की बात सामने आई
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर आपस में बहस कर रहे थे। इसी दौरान राइडर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाकर घर जाने के लिए कहा। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर आरोपी आवेश में आ गए और पथराव शुरू कर दिया।
थाना कोतवाली पुलिस टीम ने मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए लोकेश, निखिल और पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

