फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा के फतेहाबाद में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 42 बड़े तस्करों की 8 करोड़ 39 लाख 12 हजार 688 रुपये मूल्य की अवैध चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि फतेहाबाद पुलिस अपराधियों को केवल जेल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में पुलिस ने 477 ग्राम हेरोइन के साथ एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर अमन कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के मोगा जिले के गांव जीरा का निवासी है और वर्तमान में फिरोजपुर की ग्वार मंडी में रह रहा था। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान नशा तस्करी के नेटवर्क, सप्लायरों और अन्य सहयोगियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
एएसपी ने बताया कि हाल ही में चार अलग-अलग मामलों में 1.20 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज किया गया है।
इसके अलावा थाना जाखल पुलिस ने 28 जुलाई को कुदनी हेड के पास हुई लूट की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों रविंद्र सिंह, यादविंद्र और सुखजिंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी पंजाब के संगरूर जिले के गांव लहल कलां के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों से वारदात से संबंधित आवश्यक सामान भी बरामद किया है।
प्रमुख कार्रवाई
- हड़ौली निवासी हंसराज की नशा तस्करी से अर्जित 80.82 लाख रुपये मूल्य की 60 कनाल 13 मरले कृषि भूमि फ्रीज।
- टोहाना के किला मोहल्ला निवासी सुरेश उर्फ सेशा का 30 लाख रुपये का मकान सीज।
- अजय कुमार की 20 लाख रुपये की संपत्ति, 5.23 लाख रुपये बैंक जमा राशि और बाइक फ्रीज।
- पीलीमंदोरी निवासी विक्रम सिंह की 2.30 लाख रुपये मूल्य की स्विफ्ट डिजायर कार जब्त।
फतेहाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
