गुरुग्राम STF की बड़ी कार्रवाई: अलीगढ़ का कुख्यात हथियार सप्लायर प्रमोद गिरफ्तार, दो विदेशी पिस्टल समेत भारी जखीरा बरामद

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा पर सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ के कुख्यात हथियार सप्लायर सोनू उर्फ प्रमोद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के तार नीरज फरीदपुर गैंग से जुड़े पाए गए हैं और वह गैंग को अवैध हथियार उपलब्ध कराने का काम करता था।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को 18 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय से मिले पुलिस रिमांड के दौरान उससे लगातार पूछताछ की गई, जिसके आधार पर दो चरणों में भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।

पहली रिकवरी 19 जुलाई को हुई, जिसमें एक विदेशी ग्लाक पिस्टल, एक अवैध रिवॉल्वर और 226 कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद 22 जुलाई को आरोपी की निशानदेही पर एक विदेशी चाइना पिस्टल, एक 32 बोर पिस्टल, चार कारतूस तथा एक डबल बैरल 12 बोर बंदूक बरामद की गई।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी से कुल दो विदेशी पिस्टल, एक 32 बोर पिस्टल, एक रिवॉल्वर, एक डबल बैरल 12 बोर बंदूक तथा विभिन्न बोर के कुल 230 कारतूस बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया कि सोनू उर्फ प्रमोद के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह बुलंदशहर के काकोड़ थाने में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

एसटीएफ का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने हथियार तस्करी नेटवर्क और गैंग के अन्य सदस्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles