यमुनानगर, वायरल सच (ब्यूरो): यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये मूल्य की 272 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अदालत से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। अब उससे पूछताछ कर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
सेल प्रभारी अनिल कुमार ने सोमवार को बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर शादीपुर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोककर ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ सौरभ की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 272 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी शाहरुख के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। वह उत्तर प्रदेश से हेरोइन लाकर यमुनानगर क्षेत्र में इसकी आपूर्ति करता था। शादीपुर में ससुराल होने के कारण वह स्थानीय पहचान का फायदा उठाकर पुलिस और लोगों के संदेह से बचने की कोशिश करता था।
पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी प्रतिबंधित मादक पदार्थ किस स्रोत से प्राप्त करता था, किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
