नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): भारत की BRICS अध्यक्षता में आयोजित तीसरी BRICS परिवहन मंत्रियों की बैठक में सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से नागपुर घोषणापत्र (Ministerial Declaration) को अपनाया। इस घोषणापत्र के जरिए परिवहन क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने और भविष्य की साझा रणनीति पर सहमति बनी।
घोषणापत्र में बुनियादी ढांचे में सर्कुलर इकोनॉमी, सतत विमानन ईंधन (SAF), परिवहन क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन में कमी, शहरी गतिशीलता केंद्र, लॉजिस्टिक्स एवं आपूर्ति श्रृंखला सहयोग तथा BRICS रेलवे अनुसंधान नेटवर्क जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग का रोडमैप तैयार किया गया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बैठक की सफलता पर सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी देशों की सहमति और सहयोग से यह महत्वपूर्ण घोषणापत्र अपनाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे BRICS देशों के बीच परिवहन क्षेत्र में साझेदारी को नई मजबूती मिलेगी।
बैठक से पहले 9 और 10 जुलाई को BRICS परिवहन कार्य समूह (TWG) के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें मंत्रीस्तरीय घोषणापत्र और विभिन्न प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया गया।
भारत ने सभी सदस्य देशों की रचनात्मक भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों को अगली BRICS अध्यक्षता तक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
चार दिवसीय कार्यक्रम में BRICS देशों के परिवहन मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए। इस दौरान द्विपक्षीय बैठकों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे सदस्य देशों के बीच आपसी समझ, जन-से-जन संपर्क और संस्थागत सहयोग को और मजबूती मिली।