हिसार, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने सोमवार को हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू), हिसार का दौरा कर विश्वविद्यालय में चल रहे कृषि अनुसंधान, आधुनिक तकनीकों और किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। समिति की बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं विधायक घनश्याम दास ने की।
बैठक में एचएयू के कुलपति प्रो. बलदेव राज कम्बोज ने समिति के सदस्यों को विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों, अनुसंधान परियोजनाओं, उन्नत बीजों के विकास, आधुनिक कृषि तकनीकों और किसानों तक तकनीक पहुंचाने के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में समिति की सदस्य विधायक सावित्री जिंदल, विधायक ओमप्रकाश यादव, विधायक सरदार जरनैल सिंह, विधायक रामकरण, विधायक रणधीर पनिहार तथा विधायक अर्जुन चौटाला भी उपस्थित रहे।
समिति के अध्यक्ष घनश्याम दास ने कहा कि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय उन्नत किस्म के बीजों, नवीनतम कृषि तकनीकों, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रयासों से किसानों की फसल उत्पादकता बढ़ने के साथ-साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो रही है।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने कृषि विकास, किसानों के हित में संचालित योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि अनुसंधान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक एवं वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
समिति ने विश्वविद्यालय द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी अनुसंधान आधारित तकनीकों को किसानों तक तेजी से पहुंचाने पर जोर दिया।