गुरुग्राम, वायरल सच (मनप्रीत कौर) : निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) की ओर से सेक्टर 37 में औद्योगिक श्रमिकों, कर्मचारियों एवं आमजन के लिए मीठे जल और आइसक्रीम वितरण छबील का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य में हजारों लोगों ने मीठे जल और आइसक्रीम का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गुरुग्राम विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. संजय कौशिक ने रिबन काटकर किया। उन्होंने पीएफटीआई की इस जनसेवा पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा और परोपकार का विशेष महत्व है। निर्जला एकादशी जैसे पावन पर्व पर प्यासे लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराना और गर्मी से राहत पहुंचाना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक आयोजनों से समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और मानव सेवा की भावना मजबूत होती है।
पीएफटीआई के चेयरमैन दीपक मैनी ने कहा कि संगठन उद्योग जगत के हितों के साथ साथ सामाजिक सरोकारों को भी समान महत्व देता है। निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित यह छबील सेवा और जनकल्याण की भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में श्रमिकों, कर्मचारियों और राहगीरों को ठंडा मीठा जल एवं आइसक्रीम उपलब्ध कराना समाज के प्रति संगठन की जिम्मेदारी का हिस्सा है। भविष्य में भी पीएफटीआई इसी प्रकार के सामाजिक और जनहित कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
पीएफटीआई के महानिदेशक एडवोकेट आर. एल. शर्मा ने कहा कि प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री केवल उद्योगों के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करता है। निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित मीठे जल और आइसक्रीम वितरण का उद्देश्य भीषण गर्मी में औद्योगिक श्रमिकों, कर्मचारियों और आमजन को राहत पहुंचाना तथा सेवा और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग और औद्योगिक संगठनों को समय समय पर ऐसे जनहित कार्यों में बढ़ चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। पीएफटीआई भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी अभियानों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।
इस अवसर पर पीएफटीआई के पैट्रन एवं बजाज मोटर्स के चेयरमैन वी. पी. बजाज, पीएफटीआई के चेयरमैन दीपक मैनी, वाइस चेयरमैन डॉ. एस. पी. अग्रवाल, महानिदेशक एडवोकेट आर. एल. शर्मा, निदेशक डॉ. अंशुल ढींगरा, उद्योग विहार इंडस्ट्रियल एसोसिएशन से अशोक कोहली, अश्वनी शर्मा, अनिमेष सक्सेना, परवीन यादव, डॉ. विनोद अग्रवाल, जगतपाल सिंह, डॉ. जितेंद्र चौधरी, वीरेंद्र कुमार, परवीन मखीजा, सुनील कथूरिया, रमेश बत्रा, मुनीश गुप्ता, संतराम शर्मा, सुरेंद्र सैनी, दुर्गेश वाधवा, चांद राम शर्मा, हरकेश शर्मा एडवोकेट, पुलकित शर्मा, प्रतीक शर्मा, कीर्ति मैनी, कृतिका मैनी तथा युवा एकता फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित अनेक उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ आने वाले औद्योगिक श्रमिकों, कर्मचारियों, वाहन चालकों और राहगीरों को मीठा जल एवं आइसक्रीम वितरित की। हजारों लोगों ने इस सेवा शिविर का लाभ उठाया। उपस्थित लोगों ने पीएफटीआई की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार के सेवा कार्य लोगों को राहत देने के साथ साथ समाज में मानवीय मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। अंत में संगठन ने सभी सहयोगियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे अभियान निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
