Home Haryana कैथल: चीका में 24 लाख नकदी और लाखों के जेवर चोरी मामले...

कैथल: चीका में 24 लाख नकदी और लाखों के जेवर चोरी मामले में दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

0

कैथल, वायरल सच (ब्यूरो): चीका में मकान के ताले तोड़कर करीब 24 लाख रुपये की नकदी, 60-65 तोले सोना और लगभग 10 किलोग्राम चांदी चोरी करने के मामले में पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बठिंडा जिले के मौड़ मंडी निवासी सोहन सिंह और धर्मबीर के रूप में हुई है। दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। अदालत ने दोनों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

पुलिस के अनुसार, हुड्डा आर-3 चीका निवासी जय भगवान गोयल 8 जून को दोपहर करीब 12 बजे अपने बेटे के पास पंचकूला गए थे। अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे पड़ोसी ने उन्हें फोन कर मकान के ताले टूटे होने की सूचना दी। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के सभी ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।

जांच करने पर घर से करीब 24 लाख रुपये की नकदी, 60-65 तोले सोना और लगभग 10 किलोग्राम चांदी गायब मिली। शिकायत के आधार पर थाना चीका में चोरी का मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने सोहन सिंह और धर्मबीर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को इससे पहले 25 जून की रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद सिकंदर खेड़ी से बरसाना रोड पर गिरफ्तार किया गया था। पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में दोनों जिला जेल में बंद थे।

चीका चोरी की वारदात में उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ कातिलाना हमला और चोरी समेत तीन-तीन मामले दर्ज हैं।

चीका चोरी मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी की गई नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version