नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो) : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को घोषणा की कि दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने भाजपा का एक और महत्वपूर्ण चुनावी संकल्प पूरा कर दिखाया है। इस वर्ष छठ पूजा के लिए यमुना तट सहित राजधानी में कुल 1500 घाटों पर भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है।
वीरेंद्र सचदेवा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि छठ पूजा के लिए 23 विशाल प्राकृतिक घाट यमुना तट पर विकसित किए गए हैं, वहीं लगभग 1300 कृत्रिम घाट तैयार किए जा रहे हैं। जनता की मांग पर लगभग 200 अन्य स्थानों को भी कृत्रिम घाटों के लिए चिन्हित किया गया है।
उन्होंने कहा कि जो कहा था, वो किया है। भाजपा की सरकार बनने के बाद छठ पूजा जैसे सांस्कृतिक और धार्मिक पर्वों को पूरी श्रद्धा और भव्यता से मनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) पर निशाना साधते हुए कहा, “गत वर्ष हमने छठ पूजा से पहले यमुना की मैली हालत और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की निष्क्रियता को उजागर किया था। छठ मैया की कृपा और जनता के आशीर्वाद से आज दिल्ली में भाजपा की सरकार है।”
उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार ने आआपा द्वारा यमुना तट पर पूजा पर लगाए गए कथित प्रतिबंध की असलियत को उजागर कर, वर्षों से भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई गई मांग को साकार किया है।
सचदेवा ने बताया कि केवल दिल्ली सरकार या नगर निगम ही नहीं, बल्कि भाजपा का पूरा संगठन छठ की तैयारी में जुटा है। पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में सभी प्राकृतिक और कृत्रिम घाटों पर “महा सफाई अभियान” चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह घाटों की सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, वहीं भाजपा के सांसद, विधायक, पार्षद और वरिष्ठ पदाधिकारी लगातार घाटों का दौरा कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

