गुरुग्राम, वायरल सच (मनप्रीत कौर ) : ऋषि चैतन्य आश्रम, जिसकी स्थापना पूज्या आनंदमूर्ति गुरुमाँ ने की है, के द्वारा 14 सितम्बर 2025 को तीसरे “वैश्विक योग निद्रा उत्सव” का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष दिन भारत के 50 से अधिक शहरों के साथ-साथ ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, नेपाल, दुबई और कई अन्य देशों से हजारों लोगों ने भाग लिया। सभी ने एक ही दिन, एक ही समय पर, पूज्या गुरुमाँ के मार्गदर्शन में योग निद्रा का अभ्यास किया और गहन शांति का अनुभव किया।
योग निद्रा, जिसे योगिक नींद भी कहते हैं, एक प्राचीन अभ्यास है जो शरीर और मन को गहराई से आराम देता है। पूज्या आनंदमूर्ति गुरुमाँ ने इस विधि को आधुनिक जीवन के अनुसार सरल और उपयोगी बनाया है। नियमित अभ्यास से तनाव, चिंता और अवसाद कम होते हैं, मन शांत होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है।
योग निद्रा के लाभ वैज्ञानिक शोध से भी प्रमाणित हो चुके हैं। आई.सी.एम.आर, हैदराबाद के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन में सात डॉक्टर्स की टीम द्वारा किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि योग निद्रा से रक्तचाप संतुलित होता है, मानसिक स्वास्थ्य में सुधार आता है और कॉर्टिसोल व ट्राईग्लिसराइड्स जैसे हानिकारक तत्व घटते हैं।
पिछले दो वर्षों से यह उत्सव पूरे भारत में राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा था। सन् 2024 में यह वैश्विक उत्सव बन गया, और इस वर्ष के सफल आयोजन ने एक बार फिर यह साबित किया कि योग निद्रा दुनिया भर के लोगों के लिए स्वास्थ्य, संतुलन और आंतरिक शांति पाने का एक सशक्त साधन है।
14 सितम्बर 2025 का यह आयोजन केवल योग का अभ्यास नहीं, बल्कि एक साँझा आंतरिक यात्रा थी — ठहरने, विश्राम पाने और भीतर की शांति से जुड़ने का अवसर। यह आयोजन गुरुग्राम के ड्रीम गार्डन, शीतला माता रोड, गुरुग्राम में कल दिनांक 14 सितम्बर 2025 को प्रात:काल की बेला में आयोजित हुआ, जिसमें 200 से अधिक साधकों ने भाग लिया।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

