महिला हॉकी एशिया कप: भारत की थाईलैंड से टक्कर

हांगझोउ, वायरल सच (ब्यूरो) : भारतीय महिला हॉकी टीम एशिया कप 2025 में अपना अभियान 5 सितंबर से थाईलैंड के खिलाफ शुरू करने जा रही है। भारत और थाईलैंड की टीमें आखिरी बार नवंबर, 2024 में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में आमने-सामने आई थीं, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी। अब टीम इंडिया उसी लय को बरकरार रखते हुए बड़े अंतर से जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। अब तक दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने सभी जीते हैं और केवल एक गोल ही गंवाया है।

मैच की पूर्व संध्या पर भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने कहा, “भले ही थाईलैंड की रैंकिंग हमसे काफी नीचे है, लेकिन हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले रहे। यह हमारे लिए एशिया कप का पहला मैच है, जो आने वाले मुकाबलों की लय तय करेगा। हम थाईलैंड के खिलाफ पूरी ताकत से उतरेंगे और अच्छा अंतर बनाने की कोशिश करेंगे, ताकि अगले दिन जापान के खिलाफ मैच से पहले अपनी रणनीतियां परख सकें।”

भारत को जापान, थाईलैंड और सिंगापुर के साथ पूल-बी में रखा गया है। भारत और थाईलैंड का मुकाबला 5 सितंबर को दोपहर 12:00 बजे (भारतीय समयानुसार) खेला जाएगा। टीम का लक्ष्य अपने पूल में शीर्ष पर रहकर सुपर-4 में जगह बनाना है, ताकि खिताब के और करीब पहुंचा जा सके।

मैच को लेकर मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, “हमारी टीम में युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है। भले ही कुछ चोट की चुनौतियाँ रही हों, लेकिन मुझे विश्वास है कि टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। थाईलैंड के खिलाफ मैच हमारी ताकत और कमजोरियों को परखने का मौका देगा। लड़कियां आत्मविश्वास से भरी हैं और टूर्नामेंट को लेकर उत्साहित हैं।”

भारत ने अब तक दो बार (2004 और 2017) महिला एशिया कप का खिताब जीता है। पिछले संस्करण में टीम इंडिया तीसरे स्थान पर रही थी।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles