रावलपिंडी सेंट्रल जेल में कैद इमरान खान ने फूंका आंदोलन का बिगुल

इस्लमाबाद, वायरल सच (ब्यूरो) : पाकिस्तान की अदियाला जेल (रावलपिंडी सेंट्रल जेल) में लगभग 23 माह से कैद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने शहबाज सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। पीटीआई के अंतरिम अध्यक्ष बैरिस्टर गौहर अली खान ने कहा कि पार्टी नेता इमरान ने हिम्मत नहीं हारी है। उन्होंने देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है। गौहर ने मंगलवार को उनसे अदियाला जेल में मुलाकात के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इमरान खान को जेल की तन्हाई में रखा गया है।

डॉन अखबार की खबर के अनुसार, बैरिस्टर गौहर अली खान ने कहा कि इमरान खान को 2023 में पांच अगस्त को ही गिरफ्तार किया गया था। अगले माह इस दिन सरकार के खिलाफ आंदोलन का समापन करते हुए पीटीआई बड़ी रैली करेगी। यह कहां होगी, इसकी घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने कहा कि इमरान खान ने अब सरकार के साथ किसी भी तरह की बातचीत से इनकार कर दिया है।

गौहर के अनुसार, मुलाकात के दौरान पीटीआई संस्थापक इमरान ने कहा, “देश की खातिर, मैंने बार-बार बातचीत की पेशकश की, लेकिन अब बातचीत का समय बीत चुका है। 26वें संविधान संशोधन के बाद अदालतों से न्याय की जो उम्मीद थी, वह पूरी तरह खत्म हो गई है। इसलिए अब देशव्यापी विरोध आंदोलन के अलावा कोई और रास्ता मुल्क को अराजकता के इस दलदल से बाहर नहीं निकाल सकता।”

उन्होंने कहा, “देशव्यापी आंदोलन की पूरी कार्ययोजना इसी हफ्ते पेश की जाएगी। पांच अगस्त को मेरी अन्यायपूर्ण कैद को दो साल पूरे हो जाएंगे। इसी दिन आंदोलन का समापन होगा। अब किसी से किसी भी तरह की कोई बातचीत नहीं होगी। सिर्फ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन होगा ताकि देश को बलपूर्वक थोपे गए कठपुतली शासकों से मुक्ति मिल सके।”

अदियाला जेल के बाहर पत्रकारों से बातचीत में बैरिस्टर गोहर ने कहा कि एकांत कारावास में रहते हुए भी खान मानसिक रूप से पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। संस्थापक ने हमें संदेश दिया है-तैयार हो जाओ, जुट जाओ और शांतिपूर्वक लेकिन निडर होकर अपनी आवाज उठाओ।

पाकिस्तान टुडे अखबार की खबर के अनुसार, इमरान खान की बहन अलीमा खान ने कहा कि इमरान खान ने पीटीआई को मुहर्रम की 10 तारीख के बाद सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करने का निर्देश दिया है। पार्टी मुहर्रम खत्म होने के बाद आंदोलन की रणनीति का खुलासा करेगी। आंदोलन का नेतृत्व उनके भाई जेल से करेंगे। अलीमा ने दावा किया कि खान को पिछले 10 महीनों से अपने निजी चिकित्सक से मिलने नहीं दिया गया। पीटीआई प्रवक्ता शेख वकास अकरम ने कहा कि आंदोलन के पहले चरण में प्रांतों और जिलों में प्रदर्शन होंगे। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles