टेलीग्राम टास्क के नाम पर लाखों की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद, वायरल सच (ब्यूरो) : साइबर ठगी के नए-नए तरीकों में अब टेलीग्राम टास्क स्कैम भी शामिल हो गया है। फरीदाबाद के साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने शनिवार को टेलीग्राम टास्क के नाम पर दो लाख 55 हजार रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवजीत (33 वर्ष), निवासी अर्बन इस्टेट फगवाड़ा, जिला कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई है।

क्या है मामला?


सेक्टर-88 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए एक अंजान लिंक भेजा गया। उसमें दावा किया गया कि एक कंपनी सोशल मीडिया पर ब्लॉगर और कंटेंट क्रिएटर्स के फॉलोअर्स व व्यूज बढ़ाने का काम करती है। कंपनी ने टेलीग्राम टास्क के माध्यम से पैसे कमाने का मौका देने की बात कही।

शिकायतकर्ता को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां उसे “रील्स देखने और टास्क पूरे करने” के एवज में पैसे कमाने का झांसा दिया गया। शुरुआत में छोटे टास्क देकर भरोसा जीतने के बाद ठगों ने प्रीपेड टास्क के नाम पर पैसे जमा करवाने शुरू कर दिए।

डराकर वसूले और पैसे


शिकायतकर्ता ने बताया कि एक बार जब उसने बड़ी राशि जमा कर दी तो ठगों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। कहा गया कि यदि और पैसे नहीं जमा किए गए तो उसका खाता ब्लॉक कर दिया जाएगा और CIBIL स्कोर खराब कर ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। इस डर से शिकायतकर्ता ने और पैसे जमा किए, जिससे कुल ठगी की राशि ₹2,55,000 तक पहुंच गई।

पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी


शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी खाताधारक लवजीत को पंजाब के कपूरथला से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कबूला कि उसका बैंक खाता इस साइबर ठगी में इस्तेमाल किया गया है।

सावधान रहें: ऐसे स्कैम से कैसे बचें?

  • किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
  • आसान कमाई के लालच में न आएं।
  • किसी टेलीग्राम या व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पैसे ट्रांसफर न करें।
  • यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन पैसे मांगता है, तो पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें।
  • किसी भी ठगी के मामले में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles